गाजीपुर। जिले के वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देवकली के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ककरही गांव निवासी हृदय सिंह यादव अपनी पत्नी पार्वती देवी (35) के साथ बाइक से नंदगंज जा रहे थे। इसी दौरान सैदपुर की ओर से आ रहे एक ट्रेलर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे बैठी पार्वती देवी ट्रेलर के नीचे आ गईं और घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक हृदय सिंह यादव बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।रामपुर माझा थानाध्यक्ष बिंद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।