जमानियां। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवैथा चौकी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। शनिवार देर रात पुलिस ने एक युवक को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवैथा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण पाण्डेय अपने हमराह कांस्टेबल अरुण कुमार व गोविन्द सिंह चौहान के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम करमहरी स्थित सिद्धनाथ मंदिर के पास एक युवक अवैध असलहा लेकर बिहार की ओर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए शनिवार रात करीब 12:05 बजे घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान प्रदीप यादव पुत्र अशोक यादव, निवासी ग्राम कोटिया धरम्मरपुर, थाना करंडा के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस (7.65 एमएम बोर) बरामद किए गए।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी छह मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार प्रदीप यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।