जमानियां (गाजीपुर)। देवैथा चौकी पुलिस ने शनिवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹25,000 के इनामिया वांछित अभियुक्त को दबोच लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद अभियुक्त को रविवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवैथा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था हेतु गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक वांछित अभियुक्त खरगसीपुर उर्फ नई बाजार गांव के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और अशोक कुमार पुत्र इद्रीश नट, निवासी तेहरा चौराहा, थाना बिहिया, जिला भोजपुर (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। अभियुक्त पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त से आवश्यक पूछताछ कर विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस तत्परता से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है और आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गाजीपुर व क्षेत्राधिकारी जमानियां के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई।