जमानिया। वाराणसी मंडल के अपर आयुक्त (प्रशासन) राकेश कुमार गुप्ता ने सोमवार को जमानिया तहसील मुख्यालय पर स्थित राजस्व न्यायालयों एवं प्रशासनिक कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालयीन कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति, लंबित प्रकरणों की स्थिति एवं उनके निस्तारण की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।
अपर आयुक्त ने सबसे पहले एसडीएम कोर्ट, तहसीलदार कोर्ट, संग्रह कार्यालय तथा अन्य विभागीय कक्षों का निरीक्षण किया और कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया एवं तहसीलदार राम नारायण वर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने उन्हें विभिन्न कार्यालयों की गतिविधियों की जानकारी दी। निरीक्षण के उपरांत अपर आयुक्त ने लेखपालों, कानूनगों, संग्रह अमीनों एवं न्यायालयीय स्टाफ के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों, भूमि विवादों एवं अन्य विवादों का प्राथमिकता के आधार पर नियमबद्ध और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान न्यायोचित और पारदर्शी तरीके से किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या टालमटोल की प्रवृत्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपर आयुक्त ने न्यायालयीन रिकॉर्ड के रख-रखाव एवं दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार देवा कुमार, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार, लेखपाल रूपेश कुमार, विजय कुमार, संदीप कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
अपर आयुक्त ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों से उनकी समस्याएं भी सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उनके औचक निरीक्षण को लेकर तहसील प्रशासन में हलचल का माहौल रहा। वहीं आम जनता ने भी उम्मीद जताई कि उच्चाधिकारियों की सक्रिय निगरानी से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं सुधार आएगा।