गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के सम सेमेस्टर की परीक्षाएं सोमवार, 21 अप्रैल से शुरू हो गईं। कला, विज्ञान और वाणिज्य संकायों की इन परीक्षाओं के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। गाजीपुर का पीजी कॉलेज एक प्रमुख परीक्षा केंद्र के रूप में चयनित किया गया है। विश्वविद्यालय अधिकारियों के अनुसार, परीक्षाओं को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे, पर्यवेक्षक और सुरक्षा व्यवस्था जैसी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
परीक्षा के पहले दिन की पहली पाली में द्वितीय सेमेस्टर की उर्दू विषय की परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें सभी परीक्षार्थी उपस्थित रहे। दूसरी पाली में चतुर्थ सेमेस्टर की संस्कृत विषय की परीक्षा हुई, जिसमें 22 पंजीकृत छात्रों में से एक अनुपस्थित रहा। वहीं, तीसरी पाली में छठे सेमेस्टर की वाणिज्य और रसायन शास्त्र की परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें कुल 533 में से 532 छात्र उपस्थित रहे।
पीजी कॉलेज के प्राचार्य एवं परीक्षा केंद्राध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार परीक्षा आयोजन में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी केंद्रों पर पेयजल, बिजली और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
प्राचार्य पाण्डेय ने छात्रों से नकल से बचने और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं आगामी कुछ सप्ताहों तक विभिन्न चरणों में चलेंगी और विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समय पर परीक्षा परिणाम घोषित करना है। परीक्षा में शामिल छात्रों में विशेष उत्साह देखा गया।