गाजीपुर। जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की तृतीय चरण की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने 1 अप्रैल से 20 अप्रैल तक संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाले दस्तक अभियान की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान की शत-प्रतिशत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा नगर के उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए, जहां पिछली बार मॉनिटरिंग में कमी पाई गई थी।
बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों द्वारा अब तक प्राप्त उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सहयोगी संस्थाओं डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ और पाथ द्वारा दी गई मॉनिटरिंग फीडबैक पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ नगर पंचायतों में फॉगिंग और लार्वीसाइड का छिड़काव अनिवार्य रूप से कराया जाए। साथ ही उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर अल्प उपलब्धि वाले विकासखंडों में भी अभियान को पूर्ण सफलता तक पहुँचाने के निर्देश दिए। सभी ईओ को भी चेतावनी दी गई कि कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करना अनिवार्य है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में स्वास्थ्य, आईसीडीएस, पंचायती राज, शिक्षा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।