सैदपुर। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार सुबह एक युवक को अवैध देशी तमंचे के साथ गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि बहरियाबाद अंडरपास, अंबेडकर नगर कस्बा के पास एक युवक के अवैध हथियार के साथ मौजूद होने की सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी कौशलेश कुमार शर्मा, ज्ञानेश्वर सिंह तथा उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को दबोच लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अश्वनी यादव उर्फ सोनू (30 वर्ष), पुत्र रणविजय यादव, निवासी ग्राम महमूदपुर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक देशी तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी टीम में कांस्टेबल हरगोविंद सिंह, संजय कुमार यादव तथा अभिषेक शुक्ला भी शामिल रहे।