जमानिया। थाना क्षेत्र के उमरगंज नई बस्ती गांव स्थित एक ईंट भट्ठे से छह बच्चों के अचानक लापता हो जाने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। 22 अप्रैल को शाम करीब 4:30 बजे उमरगंज नई बस्ती स्थित ईंट भट्ठे पर कार्यरत मजदूरों के छह बच्चे खेलते हुए अचानक गायब हो गए।
लापता बच्चों में कुमारी अतवारी (13 वर्ष), अर्जुन (12 वर्ष), रोशन (9 वर्ष) के अलावा मजदूरों के अन्य बच्चे कुमारी लक्षमीना (6 वर्ष), कुमारी बेफी (6 वर्ष) और अमित (10 वर्ष) शामिल हैं। इस घटना के बाद परिजनों ने कई दिन तक खोजबीन की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। 25 अप्रैल को परिजन जमानिया कोतवाली पहुंचे और बच्चों के लापता होने की तहरीर दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने खुद कोतवाली पहुंचकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने इस घटना के खुलासे के लिए छह टीमें गठित की हैं और सर्विलांस टीम भी सक्रिय हो गई है। इसके अलावा, पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस उपाधीक्षक राम कृष्ण तिवारी और प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह लगातार इलाके में चक्रमण कर रहे हैं। पुलिस ने गांव से गुजरने वाली बस चालक सहित अन्य लोगों से भी पूछताछ की है। साथ ही, दिलदारनगर, जमानिया, सुहवल, रेवतीपुर समेत आसपास के थानों को सीसीटीवी फुटेज खंगालने का निर्देश दिया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही बच्चों को बरामद कर लिया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, और लोग बच्चों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।