गाजीपुर। बिरनो विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत संचालित तीन वृहद गौशालाओं के लिए सोमवार को अनूठी पहल देखने को मिली। ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह के आह्वान पर क्षेत्र के 20 ग्राम प्रधानों ने स्वेच्छा से भूसे का महादान किया। बिरनो थाने के समीप भूसे से लदी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्राम प्रधानों के इस सराहनीय प्रयास के तहत बद्दूपुर, भड़सर और बिरनो स्थित गौशालाओं के लिए लगभग 100 क्विंटल भूसा एकत्र किया गया। बाद में ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह व खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कौस्तुभ मणि पाठक ने भूसे से भरी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर बीडीओ कौस्तुभ मणि पाठक ने कहा कि नागरिकों को गौसेवा को अपना कर्तव्य समझते हुए आगे आना चाहिए। वहीं, ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, कर्मचारी और आम नागरिक सभी इस महादान में सहयोग कर सकते हैं, ताकि गौमाताओं के लिए पर्याप्त भूसे की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।इस अवसर पर ग्राम प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह यादव, अभिमन्यु सिंह मन्नू, विनोद गुप्ता, नागेंद्र कुशवाहा, मेवा यादव, प्रताप नारायण मिश्रा, दिनेश चौहान, जयप्रकाश यादव, धर्मेंद्र शर्मा, ओमप्रकाश यादव, शचींद्रनाथ सिंह, पप्पू यादव, जयप्रकाश राम, सचिव लल्लन यादव, अजय प्रकाश, श्यामसुंदर यादव, शैलेंद्र कुशवाहा समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।