जमानिया (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव से 13 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता की मां ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी युवक उनकी पुत्री को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। परिजनों के अनुसार, किशोरी 24 अप्रैल की शाम करीब पांच बजे घर से अचानक लापता हो गई थी।
परिजनों ने अपनी ओर से काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 27 अप्रैल को थाने में सूचना दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी युवक लगातार मोबाइल फोन के जरिये किशोरी के संपर्क में था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।