गाजीपुर। महिलाओं के कल्याण और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा 30 अप्रैल, 2025 को प्रदेशभर में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद गाजीपुर में भी महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है।गाजीपुर जिले में आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई में राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव विशेष तौर पर मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम का आयोजन निरीक्षण भवन/गेस्ट हाउस, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग परिसर में किया जाएगा।
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़े उत्पीड़न के मामलों पर सुनवाई की जाएगी तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुँचाने पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा नामित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अथवा उनके प्रतिनिधि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष और क्षेत्राधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। राज्य महिला आयोग का उद्देश्य महिलाओं की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना तथा महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है। आयोग ने जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऐसे कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई है।