जमानिया (दिलदारनगर)। रेलवे ट्रैक और कस्बे की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार को दिलदारनगर थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में आरपीएफ और जीआरपी के जवानों के साथ संयुक्त रूप से पैदल गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस बल ने रेलवे स्टेशन परिसर, ट्रैक के आसपास के इलाकों और कस्बे के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता के साथ चेकिंग अभियान संचालित किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक महेंद्र दुबे ने बताया कि रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर नियमित गश्त की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस बल हर समय अलर्ट मोड में है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।गश्त अभियान में जीआरपी प्रभारी अशोक मिश्रा, उपनिरीक्षक नवीन कुमार, आरक्षी आशीष सिंह, अभिषेक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।