जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के उमरगंज गांव स्थित ईंट भट्ठे से छह बच्चों के लापता होने की घटना ने पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया है। सोमवार की दोपहर करीब 1:30 बजे वाराणसी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मोहित गुप्ता ने स्थानीय कोतवाली का दौरा कर जांच की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। आईजी मोहित गुप्ता ने इसके बाद उमरगंज गांव पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने गांव के स्थानीय लोगों और बच्चों से बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। वारदात के कारणों और संभावित परिस्थितियों की गहन पड़ताल करते हुए आईजी ने लापता बच्चों की शीघ्र बरामदगी के लिए सभी संभव प्रयास करने के निर्देश दिए।
आईजी ने तलाशी अभियान को तेज करने, संदिग्धों से गहन पूछताछ करने तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाने के भी आदेश दिए। उन्होंने लापता बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है और शीघ्र ही बच्चों की सकुशल बरामदगी होगी। जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। छह टीमें गठित कर व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपाधीक्षक रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि सभी पहलुओं पर तकनीकी माध्यमों से गहन जांच जारी है और पुलिस सही दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।