जमानिया(गाज़ीपुर)। हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, स्टेशन बाजार स्थित रसायन विज्ञान विभाग के शोधार्थी अतुल कुमार सिंह ने औषधीय पौधों पर आधारित महत्वपूर्ण शोध कार्य पूर्ण कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। उनका शोध “औषधीय पौधों से फाइटोकेमिकल्स का निष्कर्षण और विभिन्न विलायकों से प्राप्त निष्कर्षों में जैविक गतिविधियों का तुलनात्मक अध्ययन” शीर्षक से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर को मूल्यांकन के लिए बुधवार को भेजा गया।
प्रोफेसर अरुण कुमार के निर्देशन में यह शोध लगभग पांच वर्षों में पूर्ण हुआ। शोध का केंद्र बिंदु आयुर्वेद में हृदय रोगों के उपचार में प्रयुक्त अर्जुन वृक्ष की छाल रही। वैज्ञानिक परीक्षणों में यह पाया गया कि अर्जुन की छाल में ‘गैलिक एसिड’ नामक तत्व मौजूद है, जो रक्त कोशिकाओं में जमा कोलेस्ट्रॉल को प्रभावी ढंग से समाप्त करने की क्षमता रखता है। यह खोज आयुर्वेदिक चिकित्सा में हृदय स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा योगदान मानी जा रही है। अतुल कुमार सिंह जौनपुर जनपद के मूल निवासी हैं और उन्होंने अपना शोध कार्य हिंदू पीजी कॉलेज, जमानिया को केंद्र बनाकर किया। उनके शोध को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में एक अभिनव प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, जिससे भविष्य में आयुर्वेदिक औषधियों पर आधारित हृदय रोग उपचार के नए मार्ग खुल सकते हैं।
शोध की सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो श्रीनिवास सिंह , वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री (हिंदी), डॉ. संजय कुमार सिंह (इतिहास), डॉ. राकेश कुमार सिंह (अंग्रेजी), डॉ. महेंद्र कुमार (भौतिक विज्ञान), सहायक आचार्य मनोज कुमार सिंह, प्रदीप कुमार सिंह और बलिराम सिंह ने शोधार्थी को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस संबंध में जानकारी महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी और हिंदी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अभिषेक तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।