जमानियां(मुहम्मदपुर)। तहसील क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव के निवासी शैलेश कुमार द्वारा उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया को सौंपे गए प्रार्थना पत्र, ऑडियो रिकॉर्डिंग और मीडिया रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कड़ा कदम उठाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी ने क्षेत्रीय लेखपाल रमेश चंद्र सोनकर को गुरुवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें अग्रिम आदेश तक तहसील मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने स्पष्ट किया कि प्रशासन भ्रष्टाचार, लापरवाही या अनुचित आचरण को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर संवेदनशीलता और जवाबदेही शासन की प्राथमिकता है।
सूत्रों के अनुसार, शैलेश कुमार द्वारा प्रस्तुत ऑडियो क्लिप और मीडिया रिपोर्टों में मामले की गंभीरता उजागर हुई थी, जिससे यह कार्रवाई जरूरी मानी गई। प्रशासन ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस त्वरित निर्णय से प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जनता की शिकायतों को अनदेखा नहीं किया जाएगा और दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।