जमानिया। नगर के दूरहिया मोहल्ला स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पलट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सब्बलपुर कला गांव निवासी मनीष कुमार बिंद (22) पुत्र रामदयाल बिंद अपने साथी दीपक कुमार बिंद (24) पुत्र जवाहिर बिंद के साथ हमीदपुर कटहरा स्थित ननिहाल में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक दूरहिया मोड़ के पास पहुंची, तेज रफ्तार के चलते वाहन से नियंत्रण हट गया और बाइक पलट गई। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनीष को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक को पहले सदर अस्पताल और फिर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
मनीष के पिता रामदयाल बिंद ने बताया कि हादसे के समय दीपक का मामा छांगुर दूसरी बाइक से पीछे आ रहा था, जो सुरक्षित है। उसने ही परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मनीष चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। सबसे बड़ा भाई गोविंद, बहन सीमा और सबसे छोटा भाई अनीस है। मनीष प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और बेहद होनहार युवक था। पिता रामदयाल किसान हैं।
घटना से गांव में मातम का माहौल है। मां सुलेखनी देवी के करुण क्रंदन से हर किसी की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दूरहिया मोड़ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत और एक के घायल होने की सूचना मिली थी। शव को पीएम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।