जमानियां। समाज में बढ़ती असहिष्णुता और संवादहीनता का एक और उदाहरण बुधवार को बुद्धीपुर मोहल्ले में सामने आया। मामूली कहासुनी के बाद भैंस नहलाने को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में एक व्यक्ति समेत उसके दो भतीजे घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुद्धीपुर निवासी गुलाब कुरैशी ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे उनके पड़ोसी उनके दरवाजे के सामने सड़क पर भैंस नहला रहे थे। जब उन्होंने भैंस हटाने को कहा, तो नहला रहे युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते डंडे से हमला कर दिया।
गुलाब कुरैशी के अनुसार, विवाद बढ़ने पर उसके दो अन्य रिश्तेदार भी वहां पहुंचे और उन्होंने भी हमला किया। इस दौरान गुलाब कुरैशी के भतीजे सुहेब अख्तर और दानिश कुरैशी बीच-बचाव करने पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी भी देकर फरार हो गए। घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गुलाब की तहरीर पर सोनू, आजाद और एजाज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
समाजशास्त्री उर्वशी दत्ता का कहना है कि यह घटना केवल एक स्थानीय विवाद नहीं, बल्कि समाज में घटती सहिष्णुता और संवादहीनता का परिचायक है। पहले जहां ऐसे मसलों को बातचीत से सुलझा लिया जाता था, वहीं अब मामूली बहस भी हिंसा में बदल रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे विवादों से बचने के लिए संवाद, सहनशीलता और परस्पर सम्मान जैसे मूल्यों को बढ़ावा देना आवश्यक है।