जमानिया (गाजीपुर)। क्षेत्र के बरुइन गांव की होनहार तीरंदाज अमीषा चौरसिया ने अपने कठिन परिश्रम और समर्पण के दम पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) में चयनित होकर जिले का नाम रोशन कर दिया है। महज तीन वर्षों में उन्होंने जिस मुकाम को हासिल किया है, वह जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। अमीषा, अशोक चौरसिया व सीमा चौरसिया की पुत्री हैं। उन्होंने वर्ष 2022 में जमानिया स्थित ‘द्रोणा तीरंदाजी अकादमी’ से अपनी खेल यात्रा की शुरुआत की थी। कोच सतीश दुबे के मार्गदर्शन में उन्होंने तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय, राष्ट्रीय रैंकिंग व अंतरराष्ट्रीय चयन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
बीएसएफ में चयन के बाद अपनी खुशी साझा करते हुए अमीषा ने कहा, “यह मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है। मैं हमेशा से देश की सेवा करना चाहती थी और अब यह सपना तीरंदाजी के माध्यम से पूरा हो रहा है।” उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच सतीश दुबे और शुभचिंतकों को दिया। गाजीपुर तीरंदाजी संघ के सचिव नंदू दुबे ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि अमीषा का चयन जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश के लिए भी गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि अमीषा बीएसएफ में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी और अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगी।
कोच सतीश दुबे के लिए यह क्षण भावुक रहा। उन्होंने कहा, “अमीषा की सफलता यह साबित करती है कि यदि सही मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम हो, तो किसी भी ऊंचाई को छूना संभव है।” अब अमीषा जल्द ही बीएसएफ की ट्रेनिंग अकादमी में प्रशिक्षण लेंगी और उसके बाद देश की सीमाओं की रक्षा में अपना योगदान देंगी। उनके चयन से गाजीपुर समेत पूरे प्रदेश में हर्ष और गौरव का माहौल है।