गाजीपुर। थाना सैदपुर क्षेत्र में आज दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जब दो युवतियाँ सैदपुर-चंदौली गंगा पुल से गंगा नदी में कूद गईं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस टीम, जिसमें थाना सैदपुर के प्रभारी निरीक्षक, कस्बा चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे, ने स्थानीय नाविकों की मदद से एक युवती को जीवित बाहर निकाल लिया। युवती की पहचान चंचल पुत्री सुरेश (उम्र 18 वर्ष) निवासी मोलनापुर, थाना चहनियां, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। उसे गंभीर अवस्था में सीएचसी सैदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं दूसरी युवती, सोनी पुत्री रमेश यादव (उम्र 18 वर्ष), जो कि उसी गांव की रहने वाली थी, की डूबने से मौत हो गई। उसका शव स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी से निकाला गया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय की भूमिका बेहद सराहनीय रही। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना युवती को गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी। उनका यह कार्य न सिर्फ मानवता की मिसाल बना, बल्कि पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है।