गाजीपुर। जनपद में पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा आज दिनांक 19 मई 2025 को पुलिस लाइन गाजीपुर का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण आगामी दिनों में प्रशिक्षण हेतु आने वाले रिक्रूट आरक्षियों की सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने आरटीसी बैरक, मेस, वॉशरूम, प्रशिक्षण विद्यालय, पुलिस हॉस्पिटल आदि महत्वपूर्ण स्थानों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं प्रशिक्षुओं के अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, मेस में भोजन की गुणवत्ता, हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं विद्यालय में अध्ययन सामग्री और शिक्षण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिक्रूट आरक्षियों को एक अनुशासित, सुरक्षित एवं सुचारु प्रशिक्षण वातावरण प्रदान किया जाए, जिससे वे भविष्य में कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के रूप में तैयार हो सकें। इस निरीक्षण को प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।