जमानिया। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना समर कैंप का ब्लॉक स्तरीय शुभारंभ बुधवार को शिक्षा क्षेत्र जमानिया के अंतर्गत दो अलग-अलग विद्यालयों में भव्य रूप से किया गया। कंपोजिट विद्यालय हेतिमपुर में कैंप का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कृष्णा कुशवाहा एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि महेश राम ने संयुक्त रूप से किया। वहीं, कंपोजिट विद्यालय पचोखर में समर कैंप का शुभारंभ ग्राम प्रधान जिउत राम एवं सेवानिवृत्त शिक्षक श्री बिजेंद्र गुप्ता के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
यह समर कैंप 21 मई से 10 जून तक, कुल 17 दिनों तक चलेगा, जिसमें शिक्षा क्षेत्र के 50 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, छात्र-शिक्षक संबंधों की मजबूती, और विद्यालय को स्थानीय समुदाय से जोड़ना है। कैंप में बच्चों को योग, फिटनेस, लोक नृत्य, हस्तकला, डिजिटल स्किल्स, बागवानी जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है, जिससे उनके व्यक्तित्व का संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।
हेतिमपुर केंद्र पर कैंप संचालन की जिम्मेदारी तृप्ति यादव एवं फिरदौस बानो, जबकि पचोखर केंद्र पर श्री रामप्रसाद एवं श्री हरिद्वार प्रसाद चौहान के नेतृत्व में निभाई जा रही है। कार्यक्रम में ओमप्रकाश सिंह, विनीत कुमार सिंह, एआरपी अरविंद कुमार सिंह, सुनील शर्मा, बिंदु गुप्ता, ज्योति यादव, राकेश रंजन केशरी, प्रमोद तिवारी एवं जयशंकर प्रसाद सहित कई शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। हेतिमपुर केंद्र में प्रभारी प्रधानाध्यापिका रेनू सिंह एवं पचोखर केंद्र में प्रधानाध्यापक श्रीकृष्ण गुप्ता द्वारा कार्यक्रम का समापन व आभार ज्ञापन किया गया।बच्चों में समर कैंप को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया, जिससे कार्यक्रम की सार्थकता और सफलता दोनों स्पष्ट हो रही है।
