जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के लोटवा गांव में पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव निवासी शिवगोविन्द यादव ने अपने सगे भाई पर गाली-गलौज करने और लाठी से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने घटना के संबंध में थाने में लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर लिया।
पीड़ित शिवगोविन्द यादव के अनुसार, घटना 17 मई 2025 की सुबह करीब 6:30 बजे की है। वह अपने खेत से लौट रहे थे, तभी घर के पीछे रास्ते में उनके भाई ने उन्हें बिना किसी कारण गालियां देनी शुरू कर दीं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी उग्र हो गया और लाठी से उन पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।शिवगोविन्द ने बताया कि उनकी पत्नी इन्द्रावती देवी समय पर मौके पर पहुंचीं और बीच-बचाव कर किसी तरह उनकी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।