गाजीपुर। जनपद में पोषण अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं विभिन्न कन्वर्जेन्स विभागों के समन्वय हेतु जिला पोषण समिति की बैठक आगामी 09 जून 2025 को आयोजित की जाएगी। इस आशय की जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार दूबे ने दी। उन्होंने बताया कि बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री अविनाश कुमार द्वारा की जाएगी, जो अपराह्न् 4:30 बजे विकास भवन सभागार में आयोजित होगी। इस बैठक में पोषण अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
श्री दूबे ने बताया कि पोषण समिति के अंतर्गत आने वाले सभी कन्वर्जेन्स विभागों के अधिकारियों/प्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य है, ताकि जनपद में कुपोषण की स्थिति में सुधार हेतु समेकित प्रयास सुनिश्चित किया जा सके।बैठक में विशेष रूप से आंगनबाड़ी सेवाओं की गुणवत्ता, पोषण माह के आयोजन, स्वास्थ्य और स्वच्छता, शैक्षिक जागरूकता, एवं स्थानीय स्तर पर पोषण वाटिकाओं के विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों से अपेक्षा की गई है कि वे समय से बैठक में प्रतिभाग करें एवं पोषण अभियान को जन आंदोलन की दिशा में सफल बनाने हेतु अपने सुझावों व सूचनाओं के साथ उपस्थित हों।