जमानिया, गाजीपुर। गांव गढही चक जहरूल्ला में बुधवार की शाम तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक चकरोड पर किए गए अतिक्रमण को जेसीबी मशीन की सहायता से हटवा दिया। यह कार्रवाई गांव निवासी अवधेश सिंह कुशवाहा की शिकायत पर की गई, जिन्होंने चकरोड पर अवैध कब्जे की सूचना प्रशासन को दी थी। प्रशासन ने शिकायत की पुष्टि होने पर अतिक्रमणकर्ताओं को 17 मई को नोटिस जारी कर 10 दिन के भीतर स्वयं से कब्जा हटाने का निर्देश दिया था। तय समय सीमा में कब्जा नहीं हटाए जाने पर बुधवार को प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामबचन, बाबूराम, काशीनाथ, हरिचरण, चम्पा देवी, बद्री आसन सिंह सहित करीब 15 ग्रामीणों ने चकरोड की भूमि पर बांस व खूंटी आदि गाड़कर अवैध कब्जा कर रखा था। तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने बताया कि राजस्व निरीक्षक की निगरानी में अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।
