जमानिया। ताजपुर-गायघाट स्थित खेल मैदान पर शनिवार को डायमंड स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में जमानियां कस्बा स्पोर्टिंग क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टार स्पोर्टिंग क्लब, मंसूरपुर (बिहार) को हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि युवा सपा नेता रितेश सिंह रहे। उन्होंने फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया और दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन और समर्पण की भावना पैदा करता है तथा व्यक्तित्व को निखारता है।
मैच की शुरुआत में जमानियां कस्बा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 142 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में मंसूरपुर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी की कोशिश की, लेकिन पूरी टीम 135 रन ही बना सकी और मुकाबला 7 रनों से हार गई। टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जमानियां के टिंकू को ‘मैन ऑफ द मैच’ और वृजेश कुमार को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ से नवाजा गया। वहीं सादाब को ‘बेस्ट बॉलर’, नगेंद्र कुमार (मंसूरपुर) को ‘बेस्ट बैट्समैन’ और अजीत कुमार को ‘बेस्ट कैच’ का पुरस्कार मिला।
मैच के दौरान मैदान पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। निर्णायक की भूमिका मनोज यादव और यश कुमार ने निभाई, जबकि कमेंट्री शिवम यादव और रौनक यादव ने की। इस मौके पर ग्राम प्रधान आजाद यादव, पूर्व प्रधान मोहन यादव, दुर्गा यादव, पारस यादव, सभासद प्रमोद यादव, अनिल यादव, मनोज यादव, लालू यादव, दिलीप यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।