गाजीपुर। वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक व वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक ने मंगलवार, 17 जून 2025 को थाना कोतवाली गाजीपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई तथा सलामी गार्द का सूक्ष्म निरीक्षण भी किया गया।
निरीक्षण के क्रम में एडीजी जोन व डीआईजी द्वारा जनपद के समस्त थानों के ई-मालखाना का विधिवत उद्घाटन किया गया। साथ ही थाना कोतवाली में कार्यालय के जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण भी उनके कर-कमलों द्वारा सम्पन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान बीट आरक्षियों को बीपीओ किट वितरित की गई, जिसमें ड्यूटी के दौरान आवश्यक सामग्री जैसे डायरी, पेन, मार्कर, मास्क, ग्लव्स, तौलिया/गमछा, फर्स्ट-एड बॉक्स, पानी की बोतल, टॉर्च व रेनकोट शामिल थे। महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण कर वहां मौजूद रजिस्टरों एवं अभिलेखों के रख-रखाव की समीक्षा की गई। महिला संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों ने कहा कि इससे अपराधियों में भय का वातावरण बनेगा।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय, मेस, स्टोररूम, शस्त्रागार आदि का भी भ्रमण कर साफ-सफाई एवं अभिलेखों की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया। बीट आरक्षियों की बीट-बुक का अवलोकन कर क्षेत्रीय सूचनाओं के नियमित अद्यतन पर बल दिया गया। अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि थानों की कार्यप्रणाली को तकनीकी और प्रशासनिक दृष्टि से और अधिक सुदृढ़ बनाना प्राथमिकता है, ताकि जनसामान्य को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवा मिल सके।