गाजीपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गाजीपुर के 200 शैय्या चिकित्सालय, गोराबाजार परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी श्री संतोष कुमार वैश्य ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. आनंद मिश्रा ने स्वयं रक्तदान कर उपस्थित लोगों को प्रेरित किया और रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “रक्तदान जीवनदान है। हर स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त मिल सके। चिकित्सा महाविद्यालय इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रहा है। डॉ. अभिषेक सिंह, सहायक आचार्य, ने 36वीं बार रक्तदान कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का एक श्रेष्ठ माध्यम है।
रक्तदान शिविर में मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान उप-प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. नीरज पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश सिंह, ब्लड बैंक चिकित्साधिकारी डॉ. सोनू यादव सहित कई अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि विश्व रक्तदाता दिवस प्रत्येक वर्ष 14 जून को मनाया जाता है। यह दिन उन निःस्वार्थ रक्तदाताओं को समर्पित होता है जो दूसरों की जान बचाने के लिए आगे आते हैं। वर्ष 2004 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ ब्लड डोनर ऑर्गनाइजेशन और इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ ब्लड ट्रांसफ्यूजन के संयुक्त प्रयास से यह दिवस पहली बार मनाया गया था। यह शिविर न केवल रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का माध्यम बना, बल्कि समाज में सेवा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों की भूमिका को भी रेखांकित करता है।