जमानिया (गाजीपुर)। नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानिया में बीते पांच माह से फार्मासिस्ट की तैनाती न होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं। इससे दवाओं की उपलब्धता और परामर्श सेवाओं के लिए मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार जहां एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के दावे कर रही है, वहीं इस स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति उन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार, पूर्व में नियुक्त फार्मासिस्ट सुनील भास्कर का स्थानांतरण करंडा कर दिया गया था। लेकिन स्थानांतरण के पांच महीने बाद भी उनके स्थान पर किसी अन्य फार्मासिस्ट की नियुक्ति नहीं की गई है। वर्तमान में फार्मासिस्ट का कार्य अस्थायी रूप से किया जा रहा है, जो न तो नियमित हैं और न ही पूरे समय केंद्र पर उपस्थित रहते हैं। इसका सीधा असर दवा वितरण व्यवस्था पर पड़ा है। मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, और कई बार उन्हें बिना दवा के लौटना भी पड़ता है। इतना ही नहीं, दवाओं की सेवन विधि व सावधानियों की जानकारी न मिलने से मरीजों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिक पंकज यादव, अमरेन्द्र सिंह और विरेन्द्र मौर्य आदि ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द फार्मासिस्ट की स्थायी तैनाती की जाए ताकि मरीजों को राहत मिल सके। इस संबंध में स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. गुलाब शंकर पटेल ने बताया कि फार्मासिस्ट की नियुक्ति को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी को कई बार पत्र प्रेषित किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुनः पत्र भेजकर शीघ्र नियुक्ति की मांग की जाएगी।