गाजीपुर। आगामी 21 जून 2025 को ग्यारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जनपद गाजीपुर में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर योगाभ्यास का आयोजन प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में किया जाएगा, जिसमें 3000 लाभार्थियों की सहभागिता निर्धारित की गई है। इस आयोजन की सुचारु व्यवस्था हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों की विभिन्न समितियाँ गठित की गई हैं और उन्हें उनके कार्यों एवं दायित्वों का निर्धारण कर सौंपा गया है।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक विकास भवन सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योग दिवस से पूर्व कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि गठित समितियों के सदस्यगण सौंपे गए कार्यों एवं उत्तरदायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें। कार्यक्रम के सदस्य/सचिव डॉ. जयंत कुमार, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम स्थल पर प्रातः 5:00 बजे से कार्यक्रम के समापन तक आवश्यक उपस्थिति और व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं। मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मियों को निर्देशित करें कि वे समय से उपस्थित रहें। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर जिला विकास अधिकारी अथवा मुख्य विकास अधिकारी को तत्काल अवगत कराया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) दिनेश कुमार, एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज सहित सभी समितियों के सदस्यगण उपस्थित रहे।