गाजीपुर। जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब गंगा नदी में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, खजुरी गांव निवासी मोहम्मद सेराज खां के दो पुत्र—11 वर्षीय अरमान और 9 वर्षीय रहमान—गुरुवार दोपहर कर्मनाशा नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान अचानक पैर फिसल जाने से दोनों गहरे पानी में चले गए। एक भाई को डूबता देख दूसरा उसे बचाने के प्रयास में खुद भी डूब गया।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और स्थानीय ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर दोनों को किसी तरह नदी से बाहर निकाला। तत्काल दोनों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी एवं नायब तहसीलदार पंकज कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया। इस हृदयविदारक घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। हर किसी की आंखें नम हैं और वातावरण गमगीन है। दो मासूम जिंदगियों के असमय अंत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।