गाजीपुर। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए निःशुल्क “O” लेवल और CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना जनपद गाजीपुर में संचालित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को सरकार द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का लाभ वही अभ्यर्थी ले सकेंगे जो निम्नलिखित शर्तों को पूरा करते हों:
आवेदक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद का मूल निवासी हो।
अभ्यर्थी इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण हो।
उसकी वार्षिक पारिवारिक आय ₹1,00,000 से कम हो।
अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
अभ्यर्थी बेरोजगार हो और किसी अन्य शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति प्राप्त न कर रहा हो।
चयन प्रक्रिया कक्षा-12 के प्राप्त अंकों के आधार पर चयन समिति द्वारा की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन 14 जून 2025 से 14 जुलाई 2025 तक किए जा सकते हैं। आवेदन के लिए इच्छुक अभ्यर्थी निम्नलिखित वेबसाइटों पर जाकर फार्म भर सकते हैं: www.obccomputertraining.upsdc.gov.in backwardwelfareup.in
ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात उसकी प्रिंटेड प्रति, सभी आवश्यक अभिलेखों (स्वप्रमाणित आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र – जो बोर्ड ऑफ रेवेन्यू की वेबसाइट पर उपलब्ध हो, हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की मार्कशीट और प्रमाण पत्र, तथा आधार कार्ड की छायाप्रति) दो सेटों में तैयार कर दिनांक 14 जुलाई 2025, सायं 5:00 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, गाजीपुर में जमा करनी होगी। आवेदन पत्र में दर्ज की गई प्रविष्टियों की पूर्ण जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी। अधिक जानकारी हेतु जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, गाजीपुर कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।