जमानिया (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के हरपुर गांव में गवाही देने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में एक व्यक्ति और उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रामदयाल यादव का आरोप है कि गांव में पानी के बहाव को लेकर जयप्रकाश और सुनील यादव के बीच पहले से विवाद चल रहा था। हाल ही में दोनों पक्षों में सुलह की प्रक्रिया चल रही थी, जिसमें रामदयाल यादव बतौर गवाह मौजूद थे और उन्होंने सुलह पत्र पर हस्ताक्षर भी किया था। रामदयाल के अनुसार, इसी बात को लेकर 20 जून की रात करीब 10 बजे गांव के ही सुनील यादव और उनका भाई मुना यादव लाठी-डंडों से लैस होकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब रामदयाल ने विरोध किया, तो दोनों ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर उनका बेटा रणधीर यादव बीच-बचाव करने पहुंचा, तो हमलावरों ने उसे भी बुरी तरह पीट दिया।स्थानीय ग्रामीण विजय कुमार सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामले को शांत कराया। घायल पिता-पुत्र ने थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जयप्रकाश और सुनील यादव के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।