जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के राजपुर पोखरा मोहल्ले में आयोजित मेले से एक युवक की बाइक चोरी हो गई। यह घटना 19 मई की रात की है, लेकिन पुलिस ने 35 दिन बाद, रविवार को अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। नगर के सुभान टोली मोहल्ला निवासी शमीम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 19 मई की रात वे राजपुर पोखरा स्थित मेले में घूमने गए थे। उन्होंने अपनी एचएफ डीलक्स बाइक मेला परिसर के पास खड़ी की थी। जब वह घूमने के बाद वापस लौटे, तो बाइक मौके से गायब थी। शमीम ने बाइक की काफी तलाश की, आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने थाने में तहरीर दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।