जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के देवा वैरनपुर गांव में एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए गए। यह घटना तब सामने आई जब घर के मालिक नारायण जी राय अयोध्या यात्रा से लौटे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को, करीब 50 दिन बाद, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी नारायण जी राय 28 अप्रैल 2025 को अयोध्या धाम के दर्शन के लिए अपने घर से निकले थे। वह 29 और 30 अप्रैल को अयोध्या में रुके और 1 मई की दोपहर लगभग 3 बजे जब वापस लौटे, तो उन्हें घर में चोरी का आभास हुआ। शिकायतकर्ता ने बताया कि घर का बाहरी दरवाजा बंद था और ताला भी सही-सलामत था, लेकिन जब ताला खोलकर अंदर गए तो देखा कि दरवाजे को भीतर से उनके ही बेल्ट से बांध दिया गया था। किसी तरह दरवाजा खोलने पर पता चला कि अंदर के ताले को तोड़ दिया गया है और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। चोरी गए सामान में एक सोने की सिकड़ी, एक मांगटीका, दो अंगूठियां और एक चांदी की पायल शामिल हैं। पीड़ित ने पुलिस से चुराए गए सामान की बरामदगी और मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अरूण कुमार पाण्डेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।