जमानिया (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर में सोमवार शाम नाली निर्माण और मेढ़ काटने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया। इस घटना में पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 20 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल आनन्द सिंह अपने हमराही आयुष कुमार के साथ चीता मोबाइल ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि ग्राम मोहम्मदपुर में दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा है। मौके पर पहुंचने पर प्रथम पक्ष के दीनदयाल यादव, धनराज यादव, सुदर्शन यादव, अवधेश यादव, छोटू यादव, जितेंद्र यादव, रीना राय, ललिता देवी, नागेंद्र यादव और दीपक राय तथा द्वितीय पक्ष के परविंद, अजीत, रमाशंकर, पवन, तेतरी देवी, गुड्डू राय, अरविंद राय, शत्रुघ्न राय, मंगरू राय और रामअवतार राय आपस में कहासुनी कर रहे थे।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और देखते ही देखते मामला हाथापाई और मारपीट तक पहुंच गया। दोनों ओर से एक-दूसरे को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वहां भी दोनों पक्ष आपस में भिड़ते रहे और गाली-गलौज करने लगे। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कांस्टेबल आनन्द सिंह की तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों से कुल 20 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।