रेवतीपुर। स्थानीय सीएचसी के सभागार में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं चिकित्सकीय सेवाओं की त्रैमासिक ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीएचसी अधीक्षक एवं प्रभारी अधिकारी डॉ. अमर कुमार ने की।
समीक्षा के दौरान टीकाकरण, एचएमआईएस डाटा और आरसीएच मदर-चाइल्ड पोर्टल पर उपलब्धियों की कम रिपोर्टिंग एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में लापरवाही पाए जाने पर डॉ. अमर कुमार ने चार एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित कर्मियों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी स्वास्थ्य कर्मियों को एक सप्ताह के भीतर डाटा सुधारने का निर्देश दिया गया है। अधीक्षक ने दो टूक कहा कि निर्धारित समयसीमा में डाटा दुरुस्त नहीं करने की स्थिति में संबंधित कर्मियों का मानदेय और वेतन रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि शासन और विभागीय योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डॉ. कुमार के सख्त रुख से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में खलबली मच गई है। उन्होंने निर्देशित किया कि पोर्टल पर समय से डाटा अपलोड किया जाए और सभी निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, कर्मियों को अपने कार्यक्षेत्र में समय से पहुंचकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश भी दिए। बैठक में बीपीएम बबीता सिंह, आशुतोष सिंह, अभिषेक उपाध्याय, अनीश, अजय, इम्तियाज़, प्रियांशी, संदीप यादव समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। डॉ. अमर कुमार ने बैठक के अंत में पुनः दोहराया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की हीलाहवाली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाह कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।
