जमानिया (गाजीपुर)। थाना मरदह क्षेत्र के ग्राम बगही निवासी संगीता देवी ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई, जिसके आधार पर गुरुवार को पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, संगीता देवी की शादी वर्ष 2016 में बगही उर्फ भोजापुर निवासी बृजेश गौड़ से हुई थी। शादी में तीन लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान दिया गया था। संगीता का कहना है कि विवाह के शुरुआती वर्ष सामान्य बीते और इस दौरान उसके दो बेटियाँ – अराध्या और आरोही – भी हुईं।लेकिन पीड़िता का आरोप है कि उसके ससुर गिरिजा शंकर गौड़ ने दूसरी शादी अर्चना नाम की महिला से कर ली, जिसके बाद से ससुराल में उसके साथ व्यवहार बदल गया। उसने बताया कि उसका पति बृजेश गौड़, ससुर गिरिजा शंकर, सौतेली सास अर्चना, ननदें चंद्रकला व शशिकला और देवर अभिषेक उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे और अंततः मारपीट कर घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से अपनी दो बेटियों के साथ मायके में रह रही है, लेकिन पति ने अब तक कोई संपर्क नहीं किया है। संगीता देवी का यह भी कहना है कि पहले भी उसने मामले की शिकायत महिला प्रकोष्ठ गाजीपुर व पुलिस लाइन में की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब वह एक बार फिर पुलिस अधीक्षक से न्याय की आस लगाए हुए है। उसने बताया कि उसका मोबाइल तक छीन लिया गया है, जिससे वह पूरी तरह से बेसहारा हो चुकी है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।