जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने गुरूवार को एक नामजद और दो अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
रायपुर गांव निवासी पवन सिंह ने पुलिस को बताया कि 25 जून की शाम करीब 6:40 बजे वह शौच के लिए खेत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह बब्बन सिंह के खेत के पास पहुंचे, तभी गांव के ही हरेंद्र उर्फ कुन्दन सिंह अपने दो साथियों के साथ आकर पवन सिंह पर पीछे से हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे के धारदार औजार से सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। इसी दौरान उनका चचेरा भाई विजय बहादुर सिंह मौके पर पहुंचा और किसी तरह घायल को उठाकर प्राथमिक उपचार दिलाया, जिससे उन्हें होश आया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।