जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के मंझरिया गांव में एक महिला के साथ शौच से लौटते समय मारपीट और अभद्रता की घटना सामने आई है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंझरिया गांव की निवासी सीता देवी ने पुलिस को बताया कि 25 जून की रात करीब 8 बजे वह शौच के लिए खेत की ओर गई थीं। लौटते समय जब वह रामानंद के खेत के पास पहुंचीं, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने पहले उन्हें गालियां दीं और फिर लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर गांव की ही एक महिला मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया, जिससे उनकी जान बच सकी। घटना से डरी-सहमी पीड़िता किसी तरह कोतवाली पहुंची और 26 जून को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर हरपुर निवासी उत्कर्ष यादव, पुल्लू उर्फ विकास और माल यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।