जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव में खेत से मिट्टी निकलवाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कानूनी अनुमति मिलने के बावजूद मिट्टी निकलवा रहे युवक पर विपक्षीगण ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे युवक के पिता और भाई को भी हमलावरों ने पीट दिया। यही नहीं, बाद में हमलावरों ने घर जाकर CCTV कैमरा भी तोड़ डाला। हमले में युवक की मां को भी गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित सुनील कुमार ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल कर बताया कि 24 अप्रैल 2025 की शाम 5:20 बजे वह अपने खेत से मिट्टी निकलवा रहा था, जिसकी प्रशासन से अनुमति प्राप्त थी। इसी दौरान गांव के सुरेन्द्र, रमावती, सरिता, नेहा, पुष्पा और बाहर से आए अजीत (निवासी मेड़ना, चंदौली) ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया।
सुनील के अनुसार, शोर मचाने पर उसके पिता चेखुरी राम और भाई राजधानी मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और राजधानी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उन्हें बचाया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर बाद में उसके घर पहुंचे और वहां लगे CCTV कैमरे को लाठी से तोड़ दिया, जिससे करीब पांच हजार रुपये की क्षति हुई। घटना की तत्काल सूचना थाना को दी गई, लेकिन पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की और न ही मेडिकल परीक्षण कराया। परेशान होकर पीड़ित ने 28 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक, गाजीपुर को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः सुनील ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने गुरुवार को छह आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।