जमानियां। थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में खेत के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरिया गांव निवासी रामअवतार यादव ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 24 जून की शाम करीब 7 बजे उसका सगा भाई सोभनाथ यादव और भतीजा जसविन्द उर्फ छन्नू खेत के बंटवारे को लेकर गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते दोनों ने मिलकर लात-घूंसे और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस हमले में रामअवतार को सिर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर झगड़े को शांत कराया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सोभनाथ यादव और जसविन्द उर्फ छन्नू के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।