गाजीपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने शुक्रवार को जिला कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का त्रैमासिक (आंतरिक) निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया तथा वहां रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा और देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा गोदाम की व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखा जाए।
इस अवसर पर विभिन्न अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित प्रमुख अधिकारियों में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता विपिन कुमार सिंह, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवी प्रसाद सिंह शामिल थे।राजनीतिक दलों की ओर से रविकांत राय (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस), राजेश कुमार यादव (समाजवादी पार्टी), राजन कुमार प्रजापति (भारतीय जनता पार्टी), सुवाष राम सिपाही (बहुजन समाज पार्टी), जावेद अहमद (आम आदमी पार्टी) समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। निरीक्षण प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।