गाजीपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर जनपद गाजीपुर के महाहर धाम में श्रृद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की बढ़ती भीड़ के दृष्टिगत शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने महाहर धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर लटके व जर्जर तारों को तुरंत ठीक कराया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तथा सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों के सीमित उपयोग, यातायात नियंत्रण एवं भारी वाहनों के रूट डायवर्जन की समीक्षा की तथा अधीनस्थ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि भीड़भाड़ वाले स्थलों पर ‘खोया-पाया टेंट’ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाए ताकि महिला श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद संजय यादव, उपजिलाधिकारी सदर मनोज पाठक सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा इस बार की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने हेतु व्यापक तैयारी की जा रही है।