गाजीपुर। थाना दिवस के अवसर पर शनिवार को मरदह थाना परिसर में जन समस्याओं के निस्तारण के लिए एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में तथा पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम के दौरान कुल 15 फरियादियों ने अपनी शिकायतें लिखित रूप में अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं, जिनमें से मौके पर ही 5 मामलों का त्वरित निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण हेतु राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायत निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अतुल सोनकर, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद संजय यादव, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, थाना प्रभारी मरदह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन जन समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासनिक सक्रियता और समन्वय का स्पष्ट उदाहरण रहा।