गाजीपुर। मोहर्रम एवं श्रावण मास जैसे प्रमुख पर्वों को दृष्टिगत रखते हुए आज उप जिलाधिकारी सदर श्री मनोज पाठक ने शहर के विभिन्न मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी सदर, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी) तथा विद्युत विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने नगर पालिका को निर्देशित किया कि मोहर्रम के दौरान ताजियों के निकलने वाले मार्गों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा जहां भी ढक्कनदार नालियों की पट्टियाँ टूटी हुई हैं, उन्हें तत्काल सही कराया जाए।
विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि शहर में लटके व जर्जर विद्युत तारों को अविलम्ब दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। वहीं, जल निगम (शहरी) को शहर में खोदी गई सड़कों की मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।श्री पाठक ने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्वों को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी विभागीय अधिकारी समयबद्ध ढंग से कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।