गाजीपुर। जनपद में छात्रवृत्ति वितरण से संबंधित प्रक्रिया को लेकर समाज कल्याण विभाग द्वारा समय सारिणी जारी की गई है। सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने हेतु यह कार्यक्रम सुनिश्चित किया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने की प्रक्रिया आगामी 7 जुलाई 2025 से प्रारंभ होकर 25 नवम्बर 2025 तक चलेगी। छात्रों द्वारा ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की तिथि 16 जुलाई 2025 से 20 दिसम्बर 2025 तक निर्धारित की गई है।
इसके अतिरिक्त, शैक्षणिक संस्थानों द्वारा प्राप्त आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 11 जुलाई 2025 से 10 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। समाज कल्याण विभाग ने समस्त शैक्षणिक संस्थानों एवं विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यवाही सुनिश्चित करने की अपील की है, जिससे छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।