जमानिया (गाजीपुर)। तहसील प्रांगण स्थित ग्राम न्यायालय का सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे जिला जज धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने छमाही निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पत्रावलियों के रख-रखाव, सुनवाई की नियमितता, और कर्मचारियों की उपस्थिति आदि का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। न्यायिक कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि न्यायालय की कार्यप्रणाली संतुलित और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। निरीक्षण के दौरान जमानिया बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने जिला जज को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें ग्राम न्यायालय में एक अतिरिक्त न्यायालय कक्ष, शौचालय तथा एक और न्यायिक अधिकारी की नियुक्ति की मांग की गई। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मुकदमों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है, जिससे एक ही कक्ष में कार्य संचालन में कठिनाई उत्पन्न हो रही है।
इसके साथ ही, आदेशों की त्वरित नकल प्राप्त करने के लिए वादकारियों को जिला मुख्यालय, गाजीपुर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय और संसाधनों की हानि होती है। अधिवक्ताओं ने इस समस्या के समाधान हेतु स्थानीय स्तर पर ही नकल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी। निरीक्षण के दौरान न्यायिक अधिकारी अमित कुमार, पेशकार सुजीत कुमार, स्टेनो दीपक कुमार, तथा बार एसोसिएशन से अधिवक्ता अमरनाथ, मेराज हसन, सुनील कुमार, फैसल होदा, कमल कान्त राय, राकेश सिंह, बृजेश सिंह, मुनेश कुमार, अरविन्द सिंह सहित कई अधिवक्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला जज ने ज्ञापन की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।