जमानिया। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन बाजार स्थित कांशीराम आवास के पास सोमवार की शाम करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब नहर में एक बालक डूब गया। उसे बचाने की कोशिश में एक अन्य बच्चा भी डूबने लगा, जिसे मौके पर मौजूद एक राहगीर ने बचा लिया। जबकि मूल रूप से डूबा बालक अभी भी लापता है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांशीराम आवास के पास स्थित नहर में एक अज्ञात बालक अचानक डूबने लगा। यह देखकर पास ही रहने वाला अनुज शर्मा (8 वर्ष), पुत्र जितेंद्र शर्मा, नहर में छलांग लगाकर उसे बचाने की कोशिश करने लगा। लेकिन नहर में तेज बहाव होने के कारण अनुज भी डूबने लगा।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर डूबते अनुज पर पड़ी। उसने बिना समय गंवाए साहसिक कदम उठाते हुए नहर में कूदकर अनुज को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अनुज को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि, पहले से डूबे बालक का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नहर का पानी बंद कराकर गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि डूबे बालक को खोजने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।