जमानिया(ग़ाज़ीपुर)। स्थानीय तहसील अंतर्गत परिषदीय स्कूलों में एक महीने के ग्रीष्मावकाश के बाद मंगलवार को पुनः शिक्षण कार्य प्रारंभ हो गया। स्कूल खुलने के पहले ही दिन सभी 261 परिषदीय विद्यालयों में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने शिक्षा के अधिकार को मजबूत बनाने के लिए जागरूकता रैली निकाली।इस रैली को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अशोक कुमार गौतम और राजीव यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने गांव-गांव और गलियों में जाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया और बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। रैली पुनः विद्यालय परिसर में समाप्त हुई।
छात्रों ने हाथों में “मम्मी-पापा मुझे पढ़ाओ”, “चलकर मेरा नाम लिखाओ”, “जैसी परिस्थिति हो स्कूल पढ़ने जाएंगें”, “नाम हमारा जरूरी लिखाना” जैसे स्लोगन वाली तख्तियां लेकर जनमानस को शिक्षा के महत्व का संदेश दिया और गगनभेदी नारे लगाए। इस अवसर पर बीईओ द्वय ने कहा कि “शिक्षा की ज्योति ही जीवन के अंधकार को दूर करती है। एक शिक्षित बच्चा ही उज्ज्वल और सशक्त भारत का निर्माण कर सकता है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहने पाए, इसके लिए डोर टू डोर अभियान चलाया जा रहा है। बीईओ ने यह भी कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने सभी स्कूलों में पेयजल, साफ-सफाई, समयबद्ध संचालन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित किए जाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ छात्रों को पूर्ण रूप से मिले, इसके लिए शिक्षा विभाग पूरी तरह सजग है।
इस अवसर पर अजय तिवारी, संत कुमार गुप्ता, सतीश उपाध्याय, सत्यप्रकाश श्रीवास्तव, डेजी शर्मा, भगवती प्रसाद तिवारी, चंद्रशेखर त्रिपाठी, प्रेम उपाध्याय, मधुलता, नवनीत सिंह, अलका सिंह, अनिल यादव, सुषमा सिंह, राजेश सिंह, आशीष यादव, सुनील कुमार, जफर इकबाल, माधुरी यादव, रामभरोश यादव, सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे।