जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के हरपुर गांव में बुधवार सुबह मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक चन्द्रकान्त सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चन्द्रकान्त सिंह रोजाना की तरह अपने डेरा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही निवासी लालू यादव ने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। जब चन्द्रकान्त ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उन पर हॉकी से हमला कर दिया। इस हमले में चन्द्रकान्त सिंह के बाएं आंख के ऊपर, दोनों हाथों और पेट में गंभीर चोटें आईं। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह चन्द्रकान्त की जान बचाई। आरोप है कि जाते-जाते हमलावर ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घायल चन्द्रकान्त ने तत्काल घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।